रांची
रांची के कार्निवल हॉल में राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में राजद को कोई इग्नोर नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि हम मजबूती के साथ खड़े हैं। इससे पहले उनका झारखंडी रीति-रिवाज के साथ भव्य स्वागत किया गया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अपने संबोधन में तेजस्वी यादव ने कहा कि झारखंड में 7 में से 4 सीटें हमने जीतीं। अगर गठबंधन में और सीटें मिलतीं, तो राजद और ज्यादा सीटें जीतता। उन्होंने कहा कि 2020 में 1 करोड़ 70 लाख वोट मिले थे, जबकि 2025 में 1 करोड़ 90 लाख वोट मिला। मशीन तंत्र और धन तंत्र के बावजूद बिहार में हमारा वोट बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी को लोग तोड़ना चाहते हैं, लेकिन ये लालू प्रसाद यादव की पार्टी है, ये टूटने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में जाने से क्या राजद कमजोर हो गया? जनता आज भी राजद के साथ है।
आगे बोलते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए हमलोग मजबूती से एक साथ रहे हैं और आगे भी साथ खड़े रहेंगे। हमलोग गुरुजी को मानते रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन असम में चुनाव लड़ रहे हैं, हम भी केरल में चुनाव लड़ रहे हैं। इस कार्यक्रम को लेकर पूरे रांची शहर में बैनर, पोस्टर और तोरणद्वार लगाए गए, जिससे शहर में उत्सवी माहौल बन गया।